Google

बुधवार, 4 मई 2011

खांडू के हेलीकॉप्टर का मलबा व शव मिला

खांडू के हेलीकॉप्टर का मलबा व शव मिला



ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू सहित लापता हुए हेलीकॉप्टर का मलबा और पांच क्षतविक्षत शव बुधवार सुबह राज्य के तवांग जिले के जंग झरना के करीब से बरामद किए गए।

उधर, केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि अरुणाचल के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू को लेकर लापता हुए हेलीकॉप्टर का मलबा मिल गया है और शव भी बरामद किए गए हैं, लेकिन शवों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।

उन्होंने मीडिया से अपील की कि आधिकारिक पुष्टि होने तक वह किसी तरह का अनुमान न लगाए। चिदंबरम ने कहा कि दुर्घटनास्थल की पहचान कर ली गई है, कुछ शव देखे गए हैं। अधिक जानकारी का इंतजार करें।

कुल 96 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद बुधवार सुबह करीब 10 बजे खोजी दल ने सुदूर लोबोतंग क्षेत्र में मलबा पाया। यह क्षेत्र समुद्र से 10 हजार फुट की ऊंचाई पर खड़ी पर्वत श्रृंखलाओं और घने जंगलों वाला है। शवों को वहां बाहर निकालने के बाद ईटानगर लाए जाने की सम्भावना है। अधिकारियों के मुताबिक पर्वत श्रृंखला से शवों को निकालने में बचाव दल को तीन से चार घंटे का समय लग सकता है। भारी बर्फबारी और बारिश के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि शनिवार को मुख्यमंत्री खांडू को तवांग से ईटानगर ले जा रहा पवन हंस कंपनी का हेलीकॉप्टर एएस 350 बी-3 सुबह 9.50 बजे लापता हो गया था। हेलीकॉप्टर के पायलट से आखिरी संपर्क उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद हुआ था इस समय हेलीकॉप्टर सेला दर्रे के करीब 13,700 फुट की ऊंचाई पर था।

 हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए बुधवार को पांचवे दिन भारतीय वायु सेना के छह हेलीकॉप्टरों ने सेला दर्रे में तलाशी अभियान शुरू किया था। कांग्रेस विधायक सेवांग धोनदुप की छोटी बहन येशमी लामू भी हेलीकॉप्टर में सवार थीं। इसके अलावा इसमें मुख्यमंत्री के मुख्य सुरक्षा अधिकारी और दो पायलट मौजूद थे।

सोमवार, 2 मई 2011

अमेरिका के लिए दुश्मन नंबर एक था ओसामा

अमेरिका के लिए दुश्मन नंबर एक था ओसामा


नई दिल्ली। अमेरिका के लिए ओसामा बिन लादेन दुश्मन नंबर एक था। 11 सितंबर, 2001 को अमेरिका पर हुए आतंकी हमले के बाद वह अमेरीकी ख़ुफि़या एजेंसी सीआईए के लिए सर्वाधिक वाछित व्यक्ति था।

आतंकी नेटवर्क अलकायदा की स्थापना करने वाला ओसामा बिन लादेन [54वर्ष] न्यूयार्क और वाशिगटन में 11 सितंबर 2001 को हुए हमलों सहित कई आतंकी घटनाओं का मास्टरमाइंड था।

वह 1998 में अफ्रीका में अमेरिका के दो दूतावासों पर हुए बम हमलों और अक्तूबर 2000 में अदन के यमनी बंदरगाह पर यूएसएस कोल पर हुए हमले की घटनाओं में संदिग्ध था।

सऊदी अरब से निष्कािसत ओसामा बिन लादेन अफगानिस्तान के तालिबान शासन पर अमेरिका नीत हमले के बाद से ही भागता फिर रहा था। तालिबान ने ही लादेन को अफगानिस्तान में पनाह दी थी। अमेरिका नीत हमले में तालिबान के शासन का खात्मा हो गया था।

वर्ष 1957 में जन्मा लादेन सऊदी अरब के सबसे धनी भवन निर्माता का बेटा था। कई अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घटनाओं के लिए अमेरिका को ओसामा और उसके साथियों की तलाश थी। दस साल से अमेरिका ओसामा को जिंदा या मुर्दा पकड़ने पर अरबों डॉलर खर्च कर चुका है।

ओसामा बिन लादेन के पास अथाह संपत्ति है। उसने अफगानिस्तान में तालेबानी अभियान को संरक्षण दे रखा था। उसने अमेरिका के खिलाफ पवित्र युद्ध और अमेरिकीयों और यहूदियों को मारने का आह्वान किया था।

इस्लामिक ट्रेनिंग सेंटरों की स्थापना में सहयोग देने का भी ओसामा पर शक है। इनकी मदद से चेचेन्या और पूर्व सोवियत संघ के कई हिस्सों में लड़ाई के लिए योद्धा तैयार किए जाते हैं। कहा जाता है कि ओसामा के आसपास कोई तीन हज़ार लड़ाकों की फ़ौज होती थी।

ओसामा की ताक़त की बुनियाद बनी उसके परिवार द्वारा सऊदी अरब में निर्माण कार्यो के धंधे से अर्जित की गई संपत्ति थी। सऊदी अरब में एक यमन परिवार में पैदा हुए ओसामा बिन लादेन ने अफगानिस्तान पर सोवियत हमले के ख़िलाफ़ लड़ाई में हिस्सा लेने के लिए 1979 में सऊदी अरब छोड़ दिया।

कई जानकार मानते हैं कि ओसामा को ट्रेनिंग सीआईए ने ही दी थी।

अफ़ग़ानिस्तान में ओसामा ने मक्तब-अल-ख़िदमत की स्थापना की, जिसमें दुनिया भर से लोगों की भर्ती की गई और सोवियत फ़ौजों से लड़ने के लिए उपकरणों का आयात किया गया।

धर्म का तिरस्कार करने वाली एक विचारधारा के खिलाफ लड़ाई में अफ़गानी मुस्लिम भाइयों का साथ देने के लिए मिस्त्र, लेबनान और तुर्की से हज़ारों लोग बिन लादेन के साथ आ गए।

ओसामा बिन लादेन के ग्रुप को अरब अफ़गान के नाम से जाना जाने लगा था।

सोवियत सेना के लौट जाने के बाद अरब अफ़गान अमेरिका और मध्य पूर्व में उसके सहयोगियों के खिलाफ जुट गए।

ओसामा बिन लादेन अपना पारिवारिक व्यवसाय संभालने के लिए सऊदी अरब लौट गया, पर 1991 में सरकार विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित कर दिया गया।

इसके बाद पाच साल तक वह सूडान में रहा और जब अमरीका के दबाव में सूडानी सरकार ने भी उसे निकाल दिया तो वह अफ़ग़ानिस्तान लौट गया। अमेरिका का कहना है कि ओसामा तीन बड़े हमलों में शामिल था। एक 1993 में व‌र्ल्ड ट्रेड सेंटर में हुई बमबारी, दूसरा 1996 में सऊदी अरब में 19 अमरीकी सैनिकों की हत्या और तीसरा 1998 में कीनिया और तंज़ानिया में हुई बमबारी।

11 सितंबर, 2001 को व‌र्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले ने तो उसे अमेरिका के लिए अतिवाछित बना ही दिया था।

जानकार मानते हैं कि ओसामा का ग्रुप अपहरण और बमों से हमले करने वाले अन्य ग्रुपों से अलग है क्योंकि वह एक सुगठित ढाँचे वाला ग्रुप न होकर कई महाद्वीपों में काम कर रहे कई ग्रुपों का गठबंधन है। अमेरिकी अधिकारी मानते हैं कि ओसामा बिन लादेन के सहयोगी, यूरोप, उत्तरी अमेरिका, मध्य पूर्व और एशिया के 40 से भी अधिक देशों में सक्त्रिय हैं।

ओसामा से मिलने वाले लोगों के मुताबिक वह बहुत कम बोलने वाला, शर्मीला किस्म का इंसान था। उसकी तीन पत्नियाँ हैं। 11 सितंबर 2001 के बाद से ही ये अटकलें लगाई जाती रही थी कि वह कहा है। पाकिस्तान को उसका संभावित ठिकाना बताया गया। कई बार यह दावा भी किया गया कि वह मारा जा चुका है। पर उसकी ओर से समय-समय पर अपने संदेश वाले टेप भिजवाकर इन दावों को झूठा साबित किया गया।

 अमेरिका अधिकारियों को हमेशा यही लगता रहा कि ओसामा अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर कहीं छिपा है। हालाकि पाकिस्तान इसका खंडन करता रहा, लेकिन अब उसकी मौत पाकिस्तान में ही हुई है। ऐसे में पाकिस्तान की भी पोल खुल गई है। अमेरिका ने ओसामा के ठिकाने के बारे में जानकारी देने वाले को ढ़ाई करोड़ डॉलर का इनाम देने की घोषणा कर रखी थी।

अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन मारा गया

अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन मारा गया



इस्लामाबाद/वाशिंगटन। अमेरिका के विशेष बलों ने सोमवार सुबह पाकिस्तान की राजधानी के नजदीक अबोटाबाद में एक हेलीकॉप्टर हमले में दुनिया के सर्वाधिक वांछित आतंकवादी ओसामा बिन लादेन को मार गिराया।

अमेरिका लगभग दस साल से अलकायदा सरगना को जिंदा या मुर्दा पकड़ने की कोशिशों में लगा था और आखिरकार उसे आज इसमें सफलता मिल गई। अधिकारियों ने बताया कि तड़के चलाए गए अभियान में विशेष बल के कर्मी उस परिसर में उतरे जहां लादेन अपने वफादार अरब अंगरक्षकों की पहरेदारी में मौजूद था। इस अभियान में उन्होंने इस सर्वाधिक खूंखार आतंकी को ढेर कर दिया। इस खूंखार आतंकी सरगना के मारे जाने की खबर दुनिया को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस से अपने सीधे संबोधन में दी।

ओबामा ने टीवी चैनलों पर लादेन के मारे जाने की प्रारंभिक खबरें प्रसारित होने के बाद अपने संबोधन में कहा कि बिन लादेन [54 वर्ष] मारा गया है और उसका शव अमेरिका के कब्जे में है।

लादेन के सिर पर ढाई करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम था। एबीसी न्यूज ने अज्ञात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि अभियान में इस शीर्ष आतंकी सरगना के अतिरिक्त संदेशवाहकों के रूप में मानव ढाल बनकर रहने वाला उसका एक बेटा और एक महिला भी मारी गई।

प्रारंभिक खबरों में कहा गया था कि इन संदेशवाहकों के जरिए लादेन का पता लगा लिया गया था। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार परिसर में मौजूद अन्य महिलाओं और बच्चों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

अमेरिका के विशेष दल ने इस्लामाबाद से 120 किलोमीटर दूर अबोटाबाद के नजदीक बिलाल नगर क्षेत्र में इस अभियान को अंजाम दिया। पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से अब तक कोई टिप्पणी नहीं आई है।

अमेरिकी अधिकारियों ने एबीसी न्यूज को बताया कि दो हेलीकाप्टरों ने रात डेढ़ बजे और दो बजे तथा 20 से 25 नेवी सील्स ने विशेष संयुक्त बल कमान के नेतृत्व में सीआईए के सहयोग से परिसर पर हमला बोला और लादेन तथा उसके लोगों को घेर लिया। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि लादेन ने इस लड़ाई के दौरान अपने हथियार से गोली चलाई।

अमेरिकियों ने लड़ाई खत्म होने के बाद लादेन का शव अपने कब्जे में ले लिया और उसकी पहचान की पुष्टि की।

अभियान के दौरान अमेरिका का एक हेलीकाप्टर क्षतिग्रस्त हो गया जिसे अमेरिकी सैनिकों ने खुद विस्फोटकों से नष्ट करने का फैसला किया।

पाकिस्तान के कई समाचार चैनलों ने परिसर के खाली अहाते में जलते हेलीकाप्टर की फुटेज प्रसारित की।

उन्होंने सोमवार सुबह पाकिस्तानी सैनिकों से घिरे एक परिसर की फुटेज भी प्रसारित की।

खबरों में कहा गया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने क्षेत्र में घर-घर जाकर तलाशी ली। पाकिस्तान के समाचार चैनलों ने कहा कि जिस मकान में लादेन रह रहा था, वह खेतों के बीच में स्थित था और उसकी सात फुट ऊंची चहार दीवारों पर बिजली के तार लगे हुए थे।

खबर है कि अमेरिका पिछले साल अगस्त में यह सूचना मिलने के बाद महीनों से इस परिसर की निगरानी कर रहा था कि वहां हो सकता है कि लादेन रह रहा हो।

मकान में कोई फोन या टेलीविजन नहीं था और इसमें रहने वाले लोग कूड़ा करकट जला दिया करते थे।

मकान में ऊंची खिड़कियां थीं और पहुंचने के कुछ ही बिन्दु थे। अमेरिकी अधिकारियों ने इससे अंदाज लगाया कि यह किसी को छिपाने के लिए बनाया गया है।

मीडिया की खबरों में कहा गया कि मकान में खैबर पख्तूनख्वा के कुछ लोग रहते थे।

पाकिस्तान सैन्य अकादमी अबोटाबाद के नजदीक ही स्थित है। यह एक ऐतिहासिक शहर है जिसका नाम मेजर जेम्स एबट के नाम रखा गया है। इस ब्रिटिश अधिकारी ने ही 1853 में इस शहर की स्थापना की थी।

अमेरिकी अधिकारी पूर्व में कहते थे कि उनका मानना है कि लादेन अफगानिस्तान की सीमा से लगते पाकिस्तान के कबाइली क्षेत्र में रह रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक टेलीविजन संबोधन में लादेन के मारे जाने की घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिकियों की एक छोटी टीम ने अभियान को अंजाम दिया। लड़ाई के बाद उन्होंने ओसामा बिन लादेन को मार गिराया और उसका शव अपने कब्जे में ले लिया।

 ओबामा के संबोधन के तुरंत बाद पाकिस्तानी तालिबान ने दावा किया कि तड़के हुए अमेरिकी हमले में लादेन नहीं मारा गया। तालिबान ने जीओ समाचार चैनल को एक बयान भेजकर कहा कि लादेन के मारे जाने की खबर बेबुनियाद है।

शनिवार, 30 अप्रैल 2011

अक्षय से हार गई प्रियंका

अक्षय से हार गई प्रियंका


प्रियंका चोपड़ा ने आखिर मान ही लिया कि अक्षय कुमार उनसे बेहतर हैं। उन्होंने कुबूल किया है कि खतरों से खेलने का हुनर जितना अच्छा अक्षय को है, उतना अच्छा मुझे नहीं है। दरअसल, पिछले वर्ष शो खतरों के खिलाड़ी का संचालन करने वाली प्रियंका के हाथ से इस बार शो के नए सीजन का संचालन करने का मौका अक्षय ने छीन लिया है। अक्षय से बाजी हारने के बाद प्रियंका इन दिनों अपने इस को-आर्टिस्ट की तारीफ में कसीदे पढ़ने लगी हैं। उन्होंने यह भी कहा, स्टंट से जुड़ी कोई भी चीज हो, उससे अक्षय का जुड़ना बिल्कुल सही है। मैंने खतरों के खिलाड़ी के पहले दो सीजन देखे थे, जिसे अक्षय ने होस्ट किया था। वे जानते हैं कि किस तरह डर पर काबू पाने के लिए प्रतिभागी का हौसला बढ़ाना है। जब मैंने उनके साथ अंदाज और ऐतराज फिल्म की थी, तब उन्होंने मुझे भी हिम्मत और हौसला बनाए रखने के लिए प्रेरित किया था। शो खतरों के खिलाड़ी के नए सीजन के लिए उन्हें मैं ऑल द बेस्ट कहती हूं। हालांकि प्रियंका यह बताना नहीं भूलती कि वे इस समय कोई टीवी शो नहीं कर सकतीं, क्योंकि फिल्मों की शूटिंग में वे काफी बिजी हैं। वे बताती हैं, अभी मेरे हाथ में पांच फिल्में हैं। बर्फी और अग्निपथ की शूटिंग चल रही है। डॉन 2 की शूटिंग अभी खत्म हुई है। जल्द ही कृष 2 और जनम-जनम का साथ है हमारा तुम्हारा की शूटिंग शुरू करूंगी। मैं इस समय टीवी शो क्या, एक दिन की छुट्टी के बारे में भी नहीं सोच सकती।

डर व पक्षपात के बिना काम करे सीबीआई

डर व पक्षपात के बिना काम करे सीबीआई



नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो [सीबीआई] को बेकसूरों को निशाना नहीं बनाने की नसीहत देते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि जांच एजेंसी को किसी डर और पक्षपात के बिना काम करना चाहिए। दोषियों के खिलाफ उनके पदों की परवाह किए बिना मामला दर्ज करना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़े लोगों से जुड़े मामलों की जांच में सीबीआई अधिकारियों को कड़ी कसौटी पर उतरना पड़ता है। एजेंसी के नए मुख्यालय का यहां उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सीबीआई की जांच बिना किसी वैरभाव, निर्दोषों को प्रताड़ित किए बिना और बेकसूरों को निशाना बनाए बिना होनी चाहिए।

मनमोहन ने कहा कि सीबीआई को बिना किसी भय और बिना किसी पक्षपात के काम करना चाहिए तथा पदों की परवाह किए बिना उन सबके खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए जो दोषी हैं। जो भी देश के कानून का उल्लंघन करे चाहे वह शक्तिशाली हो उसके खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सीबीआई ने अन्य जांच एजेंसियों के लिए अनुकरण का एक मानदंड स्थापित किया है लेकिन सुधार की गुंजाइश है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इस प्रमुख जांच एजेंसी के लिए जरूरी श्रमशक्ति, वित्तीय मदद और प्रौद्योगिकी मुहैया कराने के लिए कटिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने सीबीआई के लिए 71 अतिरिक्त विशेष अदालतों के गठन का फैसला किया है जिनमें से 64 को मूंजरी मिल गई है लेकिन अभी केवल 16 काम कर रही हैं।

 मनमोहन ने कहा कि पिछले सालों में सीबीआई देश की प्रमुख जांच एजेंसी बनकर उभरी है और सीबीआई को जांच सौंपने के लिए काफी जोर रहता है। उन्होंने 186 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीबीआई के मुख्यालय की शानदार नई इमारत का जिक्र आधुनिक कला और हरित इमारत के रूप में किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे विश्वास है कि इस नई इमारत में आप सब अनुकूल और सहज माहौल में काम कर सकेंगे।

सोमवार, 25 अप्रैल 2011

पूछताछ के बाद कलमाड़ी गिरफ्तार

पूछताछ के बाद कलमाड़ी गिरफ्तार




नई दिल्ली। वर्ष 2009 में लंदन में हुई क्वीन्स बैटन रिले [क्यूबीआर] के आयोजन में कथित अनियमितताओं को लेकर सीबीआई ने सोमवार को सुरेश कलमाड़ी से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

सीबीआई ने राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष पद से हटाए गए कलमाड़ी से कुछ नए मुद्दों पर स्पष्टीकरण के लिए पेश होने को कहा था जो कि क्यूबीआर घोटाले के सिलसिले में एजेंसी के अधिकारियों की लंदन यात्रा के दौरान सामने आए।

कलमाड़ी ने इससे पहले अपनी विदेश यात्रा का हवाला देते हुए सीबीआई के समक्ष पेश होने में असमर्थता जताई थी। उन्होंने कहा था कि वह 19 अप्रैल के बाद ही घर वापसी करेंगे। लेकिन विदेश यात्रा से लौटने के बाद भी वह सीबीआई के समक्ष पेश नहीं हुए और उन्होंने कहा कि वह अब भी दिल्ली में नहीं हैं।

सीबीआई के सूत्रों ने कहा कि वर्ष 2009 में क्यूबीआर के दौरान एएम फिल्म्स और एएम कार एंड वैन हायर लिमिटेड से सौदे में कथित अनियमितता से जुड़े मामले में दो सदस्यीय दल की लंदन यात्रा के दौरान कुछ नए तथ्य जुटाए गए थे। इस दल ने लंदन में रहने वाले दोनों कंपनियों के मालिक आशीष पटेल से बातचीत की, जिसने कथित सौदे के संबंध में जानकारी और दस्तावेज मुहैया कराए।

लंदन की एएम कार एंड वैन हायर कंपनी से 2009 में क्यूबीआर के दौरान अतिथियों व आयोजन समिति के सदस्यों के लिए टैक्सी जैसी सेवाएं ली गई थीं। एएम फिल्मस को आयोजन के दृश्य उपलब्ध कराने के लिए अनुबंध किया गया।

सूत्रों ने कहा कि सीबीआई ने कथित तौर पर कलमाड़ी की मौन स्वीकृति पर दोनों कंपनियों को किए गए भुगतान की जाच के लिए अतिरिक्त निदेशक वी के गुप्ता व डीआईजी एस के पलसानिया को लंदन भेजा था।

सीबीआई अब कलमाड़ी से दोनों कंपनियों के साथ आर्थिक लेनदेन के बारे में ताजा जानकारी जुटानी चाहती है। राष्ट्रमंडल खेल आयोजन से जुड़े घोटालों में पूछताछ के लिए कलमाड़ी तीसरी बार सीबीआई के समक्ष पेश हुए।

 सीबीआई सूत्रों के अनुसार, कलमाड़ी के खिलाफ सीबीआई को कुछ पुख्ता सबूत मिले हैं। गिरफ्तारी की औपचारिक घोषणा शाम तक होगी। सीबीआई कल सुरेश कलमाड़ी को कोर्ट में पेश करेगी।

बुधवार, 20 अप्रैल 2011

पीएसएलवी ने तीन उपग्रहों को कक्षा में पहुंचाया

पीएसएलवी ने तीन उपग्रहों को कक्षा में पहुंचाया



श्रीहरिकोटा [आध्र प्रदेश]। पिछले वर्ष दिसम्बर में जीएसएलवी की विफलता के बाद इसरो ने अपने पहले सफल मिशन के तहत भरोसेमंद पीएसएलवी रॉकेट के जरिए तीन उपग्रहों को बुधवार को कक्षा में स्थापित कर दिया।

ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान [पीएसएलवी] अपने 18वें मिशन पर यहा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 10 बजकर 12 मिनट पर प्रक्षेपित हुआ।

जैसे-जैसे रॉकेट का हर एक चरण सफल होता गया, सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में मौजूद अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने तालिया बजाकर जश्न मनाया। पीएसएलवी-सी16 ने अपने प्रक्षेपण के 18 मिनट बाद तीन उपग्रहों को 822 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित कक्षा में स्थापित कर दिया।

प्रक्षेपण के बाद मिशन नियंत्रण केंद्र से बाहर आए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन [इसरो] के अध्यक्ष के. राधाकृष्णन ने मिशन की सफलता की घोषणा की और इसे 'मानक प्रक्रिया के तहत' हुआ प्रक्षेपण करार दिया। प्रक्षेपण के दौरान यह यान पूरे समय अपने पथ पर ही रहा।

पीएसएलसी-सी16 अपने साथ 1,206 किलोग्राम वजनी आधुनिक पृथ्वी पर्यवेक्षण उपग्रह रिसोर्ससैट-2, भारत और रूस द्वारा तारामंडलीय और पर्यावरणीय अध्ययन के लिए निर्मित 92 किलोग्राम वजनी यूथसैट और सिंगापुर स्थित नेनयाग टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी द्वारा मानचित्रीकरण उपयोग के लिए विकसित 106 किलोग्राम वजनी एक्स-सैट ले गया है।

मिशन सफल होने की इसरो प्रमुख की घोषणा के बाद मिशन नियंत्रण केंद्र में मौजूद कई वैज्ञानिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। वैज्ञानिकों ने राहत की सास ली क्योंकि पिछले वर्ष जीएसएलवी मिशन लगातार दो बार विफल हो गया था।

करीब 1,200 किलोग्राम वजनी रिसोर्ससैट-2 पाच वर्ष अंतरिक्ष में रहेगा। वह वर्ष 2003 में प्रक्षेपित रिसोर्ससैट-1 का स्थान लेगा और प्राकृतिक संसाधनों के बारे में 'मल्टीस्पेक्टरल' और 'स्पाशियल कवरेज' मुहैया कराएगा। पिछले वर्ष दिसम्बर में जीएसएलवी मिशन तब विफल हो गया था जब संचार उपग्रह जीसैट-5पी को ले जा रहे स्वदेश निर्मित जीएसएलवी-एफ06 में प्रक्षेपण के एक मिनट के भीतर ही बीच हवा में धमाका हो गया और वह बंगाल की खाड़ी में जा गिरा। जीसैट-5पी में 24 सी-बैंड और 12 विस्तारित सी-बैंड ट्रासपोंडर्स थे। रॉकेट के प्रक्षेपण पथ से भटक जाने के बाद वह समुद्र में जा गिरा था। इससे पहले अप्रैल 2010 में भी जीसैट-4 को ले जा रहा जीएसएलवी-डी3 मिशन विफल हो गया था, जिससे भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को गहरा झटका लगा था।

पीएसएलवी का आज हुआ कामयाब प्रक्षेपण इस मिशन का लगातार 17वा सफल मिशन है। पीएसएलवी मिशन सिर्फ एक बार विफल हुआ था, जब यान को सितंबर 1993 में पहली बार प्रक्षेपित किया जा रहा था।

राधाकृष्णन ने कहा कि दो विदेशी उपग्रहों का प्रक्षेपण दर्शाता है कि पीएसएलवी की विश्वसनीयता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल गई है। मिशन निदेशक पी. कुन्हीकृष्णन ने कहा कि यह पूरे इसरो समुदाय के लिए खुशी का मौका है। इसरो ने अपने साहस को साबित किया और मिशन काफी अच्छी तरह से सफल हुआ। यह देश को दोबारा आश्वस्त कराने की तरह है कि इसरो में भरोसा जताना पूरी तरह जायज है। निदेशक की इस टिप्पणी ने अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को उत्साह से भर दिया, जिनका जीएसएलवी की दो लगातार विफलताओं के बाद मनोबल बढ़ाए जाने की जरूरत थी।

रॉकेट के प्रक्षेपण और उसके अंतरिक्ष में पहुंचने तक मिशन नियंत्रण केंद्र में मौजूद अंतरिक्ष वैज्ञानिकों में चिंता का भाव था। अंतरिक्ष यान से उपग्रहों के अलग होने के हर चरण के सफल होने पर वैज्ञानिकों ने तालिया बजाकर जश्न मनाया।

रिसोर्ससैट-2 में एक ही प्लेटफार्म पर तीन हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगे हैं। ए कैमरे ऐसी तस्वीरें लेंगे जो फसलों की स्थिति के आकलन में मददगार होंगे। ए कैमरे वन कटाई की स्थिति, झीलों और जलाशयों के जल स्तर तथा हिमालय में पिघलने वाली बर्फ पर नजर रखेंगे।

इसरो अधिकारियों ने कहा कि इससे संसाधनों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर ध्यान देने के लिए जरूरी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय जानकारी एकत्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, कृषि, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, जैविक संसाधन और भौगोलिक संभावनाओं से जुड़े विशिष्ट क्षेत्रों में निगरानी भी हो सकेगी। इस उपग्रह से मिलने वाली जानकारी आपदा प्रबंधन तथा अन्य संबंधित गतिविधियों में मददगार साबित होगी।

च्च्च, मध्यम और तीक्ष्ण रिजॉल्यूशन वाले तीन कैमरे के साथ ही रिसोर्ससैट-2 में दो 'सॉलिट स्टेट रिकॉर्डर' हैं। ऐसे प्रत्एक रिकॉर्डर की तस्वीरें कैद करने की क्षमता 200 जीबी की है। इन तस्वीरों को पृथ्वी पर मौजूद केंद्र हासिल कर सकेंगे। इस उपग्रह में कनाडा के 'कॉमडेव' द्वारा निर्मित स्वचलित पहचान प्रणाली भी मौजूद है। यह वीएचएफ बैंड की जहाज निगरानी प्रणाली है ताकि पोतों के स्थान, गति तथा अन्य तरह की जानकारी हासिल की जा सके।

संसदीय कार्य राज्य मंत्री वी. नारायणसामी ने इस सफल प्रक्षेपण को ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि वैज्ञानिक इस तरह के अधिक प्रयास करें, इसके लिए प्रधानमंत्री तथा सरकार उनके साथ है।

पीएसएलवी की सफलता के पीछे कड़ी मेहनत

-देश के धु्रवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान [पीएसएलवी] ने अपनी सफलता की कहानी दोहराई है, जिसके पीछे वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत छिपी है। पीएसएलवी का यह लगातार 17वा सफल मिशन है जिसके तहत श्रीहरिकोटा से रिमोट सेंसिंग उपग्रह रिसोर्ससैट-2 को प्रक्षेपित किया गया है।

पीएसएलवी-सी16 के साथ दो नैनो उपग्रह भी प्रक्षेपित किए गए हैं। इस सफल प्रक्षेपण ने अंतरिक्ष क्षेत्र के अरबों डॉलर के वैश्विक बाजार में भारत की व्यावसायिक क्षमताओं को एक बार फिर साबित कर दिया है।

यह मिशन सिर्फ एक बार विफल हुआ था जब सबसे पहले पीएसएलवी-डी। को 20 सितंबर 1993 को प्रक्षेपित किया गया था। इसके बाद से यह मिशन हर बार सफल ही रहा है।

वर्ष 1994 से पीएसएलवी को इसरो का तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र विकसित कर रहा है। पीएसएलवी के जरिए 44 उपग्रह प्रक्षेपित हो चुके हैं, जिनमें से 25 विदेशी उपग्रह थे। पीएसएलवी ने जो अहम प्रक्षेपण किए हैं, उनमें भारत का चंद्र अभियान 'चंद्रयान-1' शामिल है जिसे अक्तूबर 2008 में भेजा गया था। इसके अलावा कार्टोसैट और रिसोर्ससैट-1 भी अहम प्रक्षेपणों में शामिल हैं।

मानक पीएसएलवी 44 मीटर लंबा होता है और इसका वजन 295 टन होता है। यह अपने साथ 1,600 किलोग्राम वजनी उपग्रह ले जा सकता है और उन्हें सौर समकालिक धु्रवीय कक्षा में 620 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थापित कर सकता है। पीएसएलवी भू-समकालिक स्थानातरण कक्षा में भी 1,050 किलोग्राम वजनी उपग्रह स्थापित कर सकता है।

इसरो ने कहा कि पीएसएलवी ऐसा परिवर्तनशील यान बन गया है जो धु्रवीय सौर समकालिक कक्षा, निम्न पृथ्वी कक्षा और समकालिक स्थानातरण कक्षा में कई उपग्रहों को स्थापित कर सकता है। इसमें चार चरण होते हैं और यह ठोस तथा तरल संचालन प्रणाली का बारी-बारी से इस्तेमाल करता है।

विविध प्रकृति की बनावट के साथ पीएसएलवी ने एक ही प्रक्षेपण में कई पेलोड और कई मिशन को साथ ले जाने की क्षमता साबित कर दी है।

पीएसएलवी मिशन से जुड़े घटनाक्रम इस प्रकार हैं -

अंतरिक्ष उपग्रह तिथि परिणाम

पीएसएलवी-डी1 आईआरएस-1ई

20 सितंबर 1993 विफल

पीएसएलवी-डी2 आईआरएस-पी2 1 5 अक्तूबर 1994 सफल

पीएसएलवी-डी3 आईआरएस-पी3 2 1 मार्च 1996 सफल

पीएसएलवी-सी1 आईआरएस-1डी 29 सितंबर 1997 सफल

पीएसएलवी-सी1 ओशियनसैट

और दो अन्य उपग्रह

26 मई 1999 सफल

पीएसएलवी-सी3 टीईएस

22 अक्तूबर 2001 सफल

पीएसएलवी-सी4 कल्पना-1 12 सितंबर 2002 सफल

पीएसएलवी-सी5 रिसोर्ससैट-1 17 अक्तूबर 2003 सफल

पीएसएलवी-सी6 कार्टोसैट-1 और हैमसैट पाच मई 2005 सफल

पीएसएलवी-सी7 कार्टोसैट-2

और तीन अन्य उपग्रह

10 जनवरी 2007 सफल

पीएसएलवी-सी8 एजाइल

23 अप्रैल 2007 सफल

पीएसएलवी-सी10 टीईसीएसएएआर 23 जनवरी 2008 सफल

पीएसएलवी-सी9 कार्टोसैट - 2ए

आईएमएस-1 और आठ नैनो उपग्रह

28 अप्रैल 2008 सफल

पीएसएलवी-सी11 चंद्रयान-1 22 अक्तूबर 2008 सफल

पीएसएलवी-सी12 आरआईसैट-2

और एएनयूसैट

20 अप्रैल 2009 सफल

पीएसएलवी-सी14 ओशियनसैट-2

और छह अन्य उपग्रह

23 सितंबर 2009 सफल

पीएसएलवी-सी15 कार्टोसैट-2बी

और चार अन्य उपग्रह

12 जुलाई 2010 सफल

पीएसएलवी-सी16 रिसोर्ससैट-2

और दो अन्य उपग्रह

 20 अप्रैल 2011 सफल