Google

आलेख लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आलेख लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 8 अप्रैल 2011

आगे क्या होगा रामा रे..

आगे क्या होगा रामा रे..



पहली फिल्म से सफलता का स्वाद चखने वाले अभिनेता-अभिनेत्रियों के समक्ष दूसरी फिल्म साइन करना बहुत बड़ी चुनौती होती है। वन फिल्म वंडर बनने का भय उन्हें लगा रहता है। पिछले साल की सनसनी रणवीर सिंह, सोनाक्षी सिन्हा, अली जफर, रजत बरमेचा की दूसरी फिल्म कौन सी होगी और उसमें वे किस अंदाज में होंगे? एक नजर..।

चकमा देंगे रणवीर : फिल्म बैंड बाजा बारात से रातोंरात स्टार बने रणवीर सिंह की दूसरी फिल्म होगी लेडीज वर्सेज रिकी बहल। इसमें वे कॉन आर्टिस्ट रिकी बहल का रोल कर रहे हैं। इसमें रणवीर और अनुष्का शर्मा की जोड़ी को यशराज बैनर दोबारा पेश कर रहा है। इसके निर्देशन बैंड बाजा बारात वाले मनीष शर्मा हैं। अपनी दूसरी फिल्म के बारे में रणवीर उत्साह से बताते हैं, रिकी बहल लड़कियों को चकमा देकर उनके पैसे लेकर भाग जाता है। मैं खुश हूं कि बैंड बाजा बारात की टीम इसमें भी है। गौरतलब है कि लेडीज वर्सेज रिकी बहल दिसंबर में रिलीज होगी। रणवीर को यकीन है कि इस फिल्म से वे बैंड बाजा बारात की सफलता दोहराएंगे।

अली की दुल्हन : पाकिस्तान के पॉप स्टार अली जफर की पहली फिल्म तेरे बिन लादेन की सफलता के तुरंत बाद यशराज बैनर ने उन्हें साइन कर लिया। उनकी दूसरी फिल्म मेरे ब्रदर की दुल्हन है। यह त्रिकोणीय प्रेम कहानी है। इस फिल्म में अली के साथ इमरान खान और कट्रीना कैफ हैं। अली इसमें इमरान के बड़े भाई की भूमिका में हैं। उनकी होने वाली पत्नी यानी कट्रीना से इमरान को प्यार हो जाता है। यशराज जैसे प्रतिष्ठित बैनर की दूसरी फिल्म पाकर अली को यकीन है कि उन्हें बॉक्स ऑफिस पर फिर सफलता मिलेगी। उनके अनुसार, फिल्म मेरे ब्रदर की दुल्हन रोमांटिक कॉमेडी है। मैं लकी हूं कि यशराज ने मुझे अपने प्रोडक्शन में मौका दिया। उम्मीद करता हूं कि लोगों को इसमें भी मेरा काम पसंद आएगा। गौरतलब है कि तेरे बिन लादेन फिल्म में लादेन की भूमिका निभाकर चर्चा में आए प्रद्युम्न सिंह ने भी दूसरी फिल्म साइन कर ली है। उनकी दूसरी फिल्म के सेरा सेरा के बैनर तले आ रही है जरा हटके जरा बचके।

सोनाक्षी को अक्षय का साथ : पिछले साल की नई अभिनेत्रियों में सोनाक्षी सिन्हा सबसे हॉट साबित हुई हैं। दबंग फिल्म में उनकी खूबसूरती और अभिनय की सबने तारीफ की। परिणाम यह हुआ कि उनके पास बड़े बैनर की फिल्मों के ऑफर की बाढ़ आ गई। सोनाक्षी ने जोकर, हाउसफुल 2, रेस 2, किक और कमल हासन के साथ एक फिल्म साइन की है। सोनाक्षी की मानें तो उनकी दूसरी फिल्म जोकर होगी। खास बात यह है कि जोकर थ्रीडी फिल्म है। शिरीष कुंदर निर्देशित इस फिल्म में सोनाक्षी अक्षय कुमार के साथ हैं। सोनाक्षी फिल्म के बारे में बताने से बचते हुए कहती हैं, यह न तो सर्कस के जोकर की कहानी है और न ही किसी सुपरमैन की। लोग सब्र करें। समय आने पर मैं फिल्म के बारे में भी बताऊंगी। गौरतलब है कि सोनाक्षी की तरह ही पिछले साल वीर फिल्म में सलमान खान के साथ जरीन खान ने डेब्यू किया था। जरीन दोबारा सलमान की नई फिल्म रेडी के एक आइटम सांग में नजर आएंगी।

उड़ान के रजत : रजत बरमेचा को पिछले साल की एक बड़ी खोज माना जा रहा है। उड़ान फिल्म में रोहन की भूमिका के लिए उनकी जमकर सराहना हुई। कान फिल्म समारोह में भी लोगों ने उनके काम की तारीफ की। रजत की दूसरी फिल्म का इंतजार दर्शकों को ही नहीं, बल्कि फिल्म बिरादरी के लोगों को भी उत्सुकता से है। वे कहते हैं, मुझे अभी तक कोई ऐसी स्क्रिप्ट नहीं मिली जिसके लिए मैं हां कहूं। उड़ान यदि आपकी पहली फिल्म हो, तो दूसरी फिल्म साइन करना बहुत बड़ी चुनौती होती है। हां, मैंने शैतान फिल्म में एक मेहमान भूमिका निभाई है। गौरतलब है कि बिजॉय नाम्बियार निर्देशित इस फिल्म में राजीव खंडेलवाल और कल्कि कोचलिन मुख्य भूमिका में हैं और यह मई में रिलीज होगी।

दक्षिण के कलाकार : तमिल फिल्मों के स्टार सूर्या ने रामगोपाल वर्मा की फिल्म रक्त चरित्र को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में आने के लिए चुना, तो दक्षिण भारत की फिल्मों के सुपरस्टार विक्रम ने मणिरत्नम की फिल्म रावण को, लेकिन दोनों को हिंदी फिल्म के दर्शकों ने स्वीकार नहीं किया। रक्त चरित्र और रावण असफल हो गई। विद्या बालन की चचेरी बहन प्रियमणि रावण में छोटी भूमिका में तो रक्त चरित्र में लंबे किरदार में दिखीं। विवेक ओबराय ने उनकी तुलना स्मिता पाटिल तक से की। इसके बावजूद प्रियमणि को दक्षिण लौटना पड़ा। ऐसा ही हश्र रहा तृषा और पद्मप्रिया का। दक्षिण भारतीय फिल्मों की शीर्ष अभिनेत्री तृषा की खत्र मीठा और पद्मप्रिया की स्ट्राइकर फ्लॉप हो गई। हिंदी फिल्मों में करियर संवारने का उनका सपना चकनाचूर हो गया।

बुधवार, 30 मार्च 2011

हूं ऐसा ही: प्रतीक बब्बर

हूं ऐसा ही: प्रतीक बब्बर



फिल्म धोबी घाट में अभिनेता आमिर खान की मौजूदगी के बावजूद सबका ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल हुए प्रतीक बब्बर। फिल्म में उन्होंने साबित किया कि उनका लुक और पर्सनैल्टी भले ही हिंदी फिल्मों के अभिनेता जैसी नहीं है, लेकिन वे अपने अभिनय से सबका दिल जीतने का दम रखते हैं। शायद यही वजह है कि रोहन सिप्पी ने अपनी नई फिल्म दम मारो दम में अभिषेक बच्चन जैसे स्थापित अभिनेता के रहते हुए कहानी का केंद्र प्रतीक को बनाना उचित समझा। चौंकिए मत, दम मारो दम की कहानी के नायक हैं युवा प्रतीक। उम्मीद से ज्यादा रफ्तार से आगे बढ़ रहे प्रतीक अपनी इन उपलब्धियों से बहुत खुश हैं। बस उन्हें एक बात का दुख है। प्रतीक कहते हैं, काश! मेरी मम्मी जीवित होतीं। मेरी सफलता को देखकर वे बहुत खुश होतीं। मैं उन्हें बहुत मिस कर रहा हूं।

मां के प्यार पाने से वंचित रहे प्रतीक अपने अब तक के सफर में ज्यादातर अकेले रहे हैं। उनकी परवरिश नाना-नानी के घर हुई। पिता के प्यार के मामले में भी उनकी किस्मत दूसरे बेटों जैसी नहीं रही। उन्हें पिता राज बब्बर का अपेक्षित प्यार नहीं मिला। प्रतीक आज शबाना आजमी में अपनी मां को देखते हैं, तो आमिर खान में बड़ा भाई। स्नेहिल रिश्तों की छांव से वंचित रहे प्रतीक बिना किसी संकोच के कहते हैं, शबाना आंटी में मुझे मेरी मां नजर आती हैं। वे मुझे बेटे जैसा प्यार देती हैं। आमिर बड़े भाई की तरह मुझे गाइड करते हैं। डांटते हैं और प्यार भी करते हैं।

प्रतीक अंतर्मुखी हैं। वे अपने दिल की बात खुलकर किसी से नहीं कह पाते। वे चुप रहना पसंद करते हैं। सवालों का जवाब वे कम शब्दों में देते हैं और अपनी दुनिया में खोए से रहते हैं। मीडिया से उनके व्यक्तित्व का यह पहलू छुपा नहीं है। प्रतीक कहते हैं, मैं बचपन से ऐसा ही हूं। बहुत कम बोलता हूं। मुझे जानने वाले लोग इस बात से परिचित हैं। दिलचस्प बात यह है कि प्रतीक की यही बात उनकी विशेषता बन गई है। हिंदी फिल्मकारों को उनके रूप में अपनी कहानी के रोचक किरदार को जीवंत करने वाला एक अनूठा कलाकार मिल गया है। जाने तू या जाने ना का अमित हो या धोबी घाट का मुन्ना, दोनों ही रोचक किरदार थे। गोवा की पृष्ठभूमि पर रची-बसी और मादक द्रव्यों के व्यापार पर आधारित रोहन सिप्पी की फिल्म दम मारो दम में भी प्रतीक ने एक अलग किस्म का किरदार निभाया है। इसमें उनके द्वारा अभिनीत लॉरी का किरदार है तो स्टूडेंट, लेकिन वह अब तक हिंदी फिल्मों में दिखे स्टूडेंट जैसा नहीं है। प्रतीक के अनुसार, फिल्म दम मारो दम में मेरा किरदार अलग किस्म का है। मुझे उम्मीद है, लोग मेरे किरदार को पसंद करेंगे। गौरतलब है कि इस फिल्म में प्रतीक ने अभिषेक बच्चन के अलावा बिपाशा बसु के साथ काम किया है। प्रतीक ने हाल में प्रकाश झा की फिल्म आरक्षण की शूटिंग पूरी की है। उनके लिए खुशी की बात यह है कि इसमें उन्हें अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का मौका मिला। अमिताभ बच्चन उनकी मम्मी स्मिता पाटिल के को-स्टार रह चुके हैं और जाने तू या जाने ना देखने के बाद उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि प्रतीक ने उन्हें स्मिता की याद दिला दी। प्रतीक बिग बी के साथ काम करके बेहद खुश हैं। वे कहते हैं, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं गर्व महसूस कर रहा हूं। प्रतीक की गिनती आज हॉट युवा कलाकारों में हो रही है। दम मारो दम और आरक्षण के बाद उनकी अगली फिल्म संजय लीला भंसाली के होम प्रोडक्शन की माई फ्रेंड पिंटो होगी। वे कहते हैं, मैं धीरे-धीरे और सधे कदम बढ़ा रहा हूं।

सोमवार, 28 मार्च 2011

भरोसा सलमान का

भरोसा सलमान का



जरीन खान को लोग नहीं भूले होंगे..। वही जरीन, जो सलमान खान के साथ फिल्म वीर में थीं और चर्चा हुई थी कि वे कट्रीना कैफ जैसी हैं। दरअसल, जरीन से जुड़ी नई खबर यह है वे जल्द ही सलमान खान के साथ एक और फिल्म में नजर आएंगी। रोचक बात यह है कि इस बार वे सलमान की हीरोइन बनकर नहीं, बल्कि उनके साथ एक आइटम डांस करेंगी। सलमान संग जरीन का आइटम डांस होगा जल्द रिलीज होने वाली फिल्म रेडी में।

आने वाली फिल्म रेडी में सलमान की नायिका हैं असिन। जरीन जानकारी देती हैं, कुछ दिनों पहले ही बैंकॉक से लौटी हूं। वहां के एक क्लब में तीन दिनों तक रेडी के आइटम डांस की शूटिंग की। मेरे साथ सलमान भी थे। बेहद मजा आया। अपने पहले आइटम डांस पर लोगों के रिएक्शन का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। गौरतलब है कि रेडी में पहली बार दर्शक जरीन का ग्लैमरस लुक देखेंगे। वे कहती हैं, फिल्म वीर में मेरा लुक ट्रेडिशनल था। मैं सिर से पांव तक कपड़ों में ढंकी हुई थी। रेडी में मैं बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आऊंगी। रेडी में बेहद ग्लैमरस लुक है मेरा।

जरीन आगे बताती हैं कि रेडी में आइटम डांस के प्रस्ताव को स्वीकार करने की सबसे बड़ी वजह सलमान खान थे। वे कहती हैं, मैं सलमान को कभी मना नहीं कर सकती। जब उन्होंने मुझसे रेडी में एक आइटम डांस और मेहमान भूमिका करने की बात की, तो मैंने तुरंत स्वीकार कर लिया। सलमान खान से प्रभावित जरीन आगे कहती हैं, मुझे पता है कि सलमान हमेशा मुझे सही सलाह देंगे। जब भी मैं कंफ्यूज होती हूं या कोई निर्णय नहीं लेने की स्थिति में होती हूं, तो सलमान से ही बात करती हूं।

गौरतलब है कि धूम-धड़ाके के साथ जरीन का हिंदी फिल्मों में स्वागत हुआ था, लेकिन फिल्म वीर के असफल होने के साथ ही उनके सितारे गर्दिश में समा गए। हालांकि करियर के शुरुआती दौर में ही मिली असफलता से वे निराश नहीं हैं। धैर्य का दामन उन्होंने थाम रखा है। जरीन कहती हैं, मेरे पास फिल्मों के ऑफर तो बहुत से आए, पर जल्दबाजी में मैं कोई गलत निर्णय नहीं लेना चाहती थी। मैं कोई ऐसी फिल्म नहीं करना चाहती, जिसे करने का बाद अफसोस हो। पार्टनर 2 में अभिनय की खबरों पर अपनी सफाई देते हुए जरीन कहती हैं, सलमान खान ने मुझसे कहा था कि जब भी वे पार्टनर 2 बनाएंगे, मुझे उसमें जरूर कास्ट करेंगे, लेकिन अभी तक कुछ भी तय नहीं है, क्योंकि स्क्रिप्ट अभी रेडी नहीं है। जरीन यह बताना नहीं भूलतीं कि वे जल्द ही दो फिल्में साइन करने वाली हैं। वे अभी उन फिल्मों के नाम नहीं बताना चाहतीं।

शनिवार, 26 मार्च 2011

मेरी मुट्ठी में क्या है

मेरी मुट्ठी में क्या है



अमृता राव को ब्वॉयफ्रेंड मिल गया.., अमृता जल्द ही शादी करेंगी। अमृता ने हॉलीवुड की फिल्म साइन की है..। पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में आई इन खबरों को अगर अमृता राव के प्रशंसक गंभीरता से ले रहे हैं, तो वे अपनी चहेती हीरोइन के इस संदेश पर गौर करें, अगर आपने मेरी शादी, मेरे अफेयर या हॉलीवुड फिल्में करने से जुड़ी कोई भी खबर पढ़ी या देखी है, तो उस पर भरोसा बिल्कुल न करें। आप मेरे बारे में काफी कुछ पढ़ते रहेंगे, पर जब तक मेरी अपनी बात साथ मेरा खुद का इंटरव्यू न पढ़ लें, तब तक इन बातों पर यकीन नहीं करें। अगर मैं किसी के साथ डेट करूंगी या शादी करने की योजना बनाऊंगी या फिर कोई हॉलीवुड की फिल्म साइन करूंगी, तो अपने फैंस को जरूर बताऊंगी..।

अमृता राव मानती हैं कि शादी करना जीवन का बड़ा निर्णय है, जो सोच-समझकर किया जाना चाहिए। वे कहती हैं, अगले पांच सालों में मेरे जीवन में क्या होगा, यह मुझे पता नहीं है। इतना पता है कि शादी अगले पांच सालों में मेरी लाइफ का बड़ा फैक्टर होगा। शादी के बाद लाइफ में बदलाव आते हैं। आपके रहने की जगह बदल जाती है, प्रोफेशन में भी बदलाव आता है। ..तो क्या शादी के बाद अमृता एक्टिंग करना छोड़ देंगी? वे जवाब देती हैं, अगर मेरा जीवनसाथी मुझे सपोर्ट करेगा, तो मैं शादी के बाद भी एक्टिंग करना चाहूंगी, लेकिन फिलहाल इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकती।

पिछले कुछ समय से अमृता के ठहरे हुए करियर को लेकर लोगों द्वारा लगातार चिंता व्यक्त की जाती रही है। जहां तक बात अमृता की है, तो वे खुद को करियर के इस खराब दौर का जिम्मेदार नहीं मानतीं। वे बताती हैं, मेरा कोई दोष नहीं है। सबको आर्थिक मंदी से नुकसान हुआ है। यह सिर्फ इंडस्ट्री के लोगों को पता है कि इन दिनों बेहद कम फिल्में बन रही हैं। कम फिल्में बनने का खामियाजा मुझे भी भुगतना पड़ा है। मेरी दो फिल्में जो सेट पर जाने वाली थीं, वे नहीं बन पाई, जिनमें एक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी की फिल्म द लेजेंड ऑफ कुणाल थी। एबी कॉर्प की इस फिल्म में मुझे अमिताभ बच्चन, तब्बू और अर्जुन रामपाल के साथ अभिनय करने का मौका मिल रहा था। दूसरी फिल्म केन घोष की थी। खैर, अब मुझे इसका कोई अफसोस नहीं है। राजश्री फिल्म्स के पास दोबारा लौट कर ऐसा लग रहा है कि घर में वापस आ गई हूं। गौर करने वाली बात यह है कि राजश्री फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म लव यू मिस्टर कलाकार में अमृता केंद्रीय भूमिका निभा रही हैं। जल्दी ही रिलीज होने वाली इस फिल्म में उनके नायक तुषार कपूर हैं।

अमृता का मानना है कि वक्त के साथ उनके व्यक्तित्व और काम करने के तरीके में बदलाव आया है। इस बदलाव को वे सकारात्मक मानती हैं। अमृता कहती हैं, पिछले सात सालों के करियर में मुझमें काफी बदलाव आया है। मेरी पर्सनैल्टी भी बदल गई है। मैं मैच्योर हो गई हूं। मेरा काम करने का तरीका भी बदल गया है। मानती हूं कि मेरा एक्सपीरिएंस ही मेरे लिए सबसे बड़ा प्लस प्वॉइंट है। मैंने बहुत कम उम्र में एक्टिंग की शुरुआत की थी, जिस कारण मुझे नए-नए अनुभव हासिल करने का अवसर मिला। अमृता को खुद पर और अपनी पहचान पर नाज है। वे पूरे यकीन के साथ कहती हैं, मेरा कोई गॉडफादर नहीं है। न ही इंडस्ट्री में कोई ऐसा है, जो मुझे सपोर्ट करे। मैं आज जहां हूं अपने दम पर हूं। मैं कभी किसी के पास काम मांगने नहीं गई। काम मेरे पास आया। ए-ग्रेड की फिल्मों के ऑफर मेरे दरवाजे तक आए। अच्छे निर्माता-निर्देशकों के साथ मैंने काम किया है। कोई समझौता नहीं किया। फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं होने के बाद भी जितना मैंने अचीव किया है, उससे खुश हूं।

अमृता तब दुखी हो जाती हैं, जब उनसे यह पूछा जाता है कि उन्होंने अपनी छवि बदलने की कोशिश क्यों की? वे कहती हैं, मुझे समझ में नहीं आता कि लोग ऐसा क्यों कहते हैं कि मैंने इमेज चेंज की कोशिश की थी। अरे जैसे कपड़े मैंने शार्टकट में पहने थे, वैसे कपड़े मैंने अपनी पहली फिल्म अब के बरस और दीवार में भी पहने हैं। मैंने कभी इमेज चेंज करने की कोई कोशिश नहीं की। मैं सेक्सी शुरू से हूं। मुझे दर्शकों का जितना प्यार मिला है, वह बहुत कम लोगों को नसीब होता है। मैं भला उसे क्यों गंवाना चाहूंगी?

रविवार, 20 मार्च 2011

मैं हूं ही ऐसी: विभा आनंद

मैं हूं ही ऐसी: विभा आनंद




धारावाहिक संस्कार लक्ष्मी जी टीवी पर आ रहा है। इसमें लक्ष्मी की मुख्य भूमिका निभा रही हैं विभा आनंद। वे पहले बालिका वधू में सगुना की भूमिका निभा चुकी हैं। धारावाहिक में लक्ष्मी के रोल के लिए उन्हें काफी तैयारी करनी पड़ी है। बता रही हैं खुद विभा।

काफी तैयारी की : किसी अभिनेत्री को अपने द्वारा निभाए जा रहे चरित्र के लिए तैयारी करनी ही पड़ती है। मैंने भी काफी तैयारी की, मानसिक रूप से भी और शारीरिक रूप से भी। संस्कार लक्ष्मी में भूमिका निभाने के लिए इसके निर्माता-लेखक राजू भाई ने विशेष कार्यशाला आयोजित की थी।

करना है बहुत कुछ : मैं देहरादून में पली-बढ़ी हूं। मेरी मानसिकता भी लक्ष्मी जैसे छोटे शहर में रहने वाले लोगों जैसी है, लेकिन जब शूटिंग शुरू हुई, तो मुझे लगा कि लक्ष्मी बनने के लिए मुझे अभी बहुत कुछ करना है। राजू भाई ने मुझ पर बहुत विश्वास किया है। मैं उनका विश्वास तोड़ना नहीं चाहती थी। मैं गुजराती संस्कृति को समझने के लिए गुजराती फिल्में और नाटक भी देखने लगी। राजू भाई ने मुझे गुजराती भाषा और लहजा सीखने में काफी मदद की।

कर रही हूं मेहनत : धारावाहिक में, मैं एक ऐसी लड़की बनी हूं, जो जिंदगी को मजे से जीती है। मासूम है और जहां भी जाती है, अपनी अलग पहचान बनाती है। मैं इसके लिए अपने साथी कलाकारों और दोस्तों की शुक्रगुजार हूं। मैं अपने कुछ गुजराती दोस्तों की मदद से गुजराती लोक गीत और डांडिया-गरबा सीख गई हूं। अब मैं जल्दी ही गुजराती भी बोलने लगूंगी। मैं खूब मेहनत कर रही हूं।

शिव या पार्वती : किसी भी अभिनेत्री को कैमरे के सामने शॉट देने के लिए तैयार होना एक चुनौती है। फिर किसी अभिनेत्री को पुरुष की वेशभूषा में कैमरे का सामना करना हो, तो चुनौती और बढ़ जाती है। मुझे इस सीरियल में जब अ‌र्द्धनारीश्वर का रूप धरना पड़ा, तो बड़ा अजीब लगा। अ‌र्द्धनारीश्वर एक जोड़े का शानदार प्रतिरूप है। मैं सीरियल में लक्ष्मी की भूमिका निभा रही हूं, जो भगवान शिव की भक्त है।

लोगों ने सराहा : मुझे भगवान शंकर के सामने तांडव नृत्य करते हुए गाना भी था। मैं तो भंगड़ा और फिल्मी गीतों पर नाचती थी, ऐसे में तांडव करना मेरे लिए बहुत मुश्किल था। इसके लिए मेकअप करना और वेशभूषा पहनना बड़ा अजीब लगता था। तांडव में मुझे शिव और शक्ति दोनों ही रूपों में नृत्य करना था। आधे चेहरे में शिव का क्रोध दिखाना था और आधे में पार्वती की पवित्र और शांत छवि। कैसे किया यह मैं ही जानती हूं, लेकिन मैंने किया।

नहीं बनाती योजना : मैं किसी काम को या जिंदगी को लेकर योजना नहीं बनाती। जब जो समय आता है, उसे मन से करने में जुट जाती हूं। आगे भी ऐसे ही चलता रहेगा। मैं हूं ही ऐसी।

शनिवार, 5 मार्च 2011

बेबो तेरी क्या बात

बेबो तेरी क्या बात



रणधीर कपूर और बबीता की लाडली बेबो को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई उनके बारे में क्या बोलता या सोचता है? उन्हें तो बस दूसरों के बारे में अपनी बेबाक राय देने में मजा आता है। दूसरी हीरोइनों पर फब्तियां कसने में भी करीना कपूर यानी बेबो नहीं हिचकतीं।

पिछले दिनों की ही बात है.., करीना ने कहा, मैं मौजूदा दौर की सबसे अच्छी और सफल अभिनेत्री हूं। जब करीना से पूछा गया कि क्या प्रियंका चोपड़ा और कट्रीना कैफ से उन्हें कॉम्पिटिशन नहीं मिल रहा है? तो उन्होंने तपाक से जवाब दिया, मुझे लग रहा था कि अभिनेत्रियों की बात की जा रही है। दरअसल, ऐसा कहकर करीना जताना चाहती थीं कि उनकी नजर में कट्रीना और प्रियंका अच्छी अभिनेत्री नहीं हैं। इनसे अलग, करीना को यह भी नहीं लगता कि विद्या बालन से भी उनका मुकाबला है। वे कहती हैं, विद्या बालन से भी मेरा कोई कॉम्पिटिशन नहीं है। वे और मैं अलग तरह की हीरोइनें हैं। अगर करीना के इस बयान की गहराई में जाएं, तो उन्होंने विद्या को भी नंबर वन हीरोइन की रेस के काबिल नहीं समझा।

करीना के बयानों को अक्सर दूसरी हीरोइनें ज्यादा तवज्जो नहीं देतीं, पर जब प्रियंका की अभिनय प्रतिभा पर करीना ने उंगली उठाई तो देसी गर्ल नाराज हो गई। प्रियंका ने कहा, करीना हमेशा ही मुझे लेकर ऊलजलूल बातें करती रहती हैं। कई बार वे ऐसा पहले भी कर चुकी हैं। अब मुझे यकीन हो गया है कि वे मुझे नहीं पसंद करतीं। जहां तक बात कट्रीना की है, तो वे करीना की बात को ज्यादा तवज्जो नहीं देतीं। उनके बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया देने से कट्रीना बचती हैं। उधर जब करीना से पूछा जाता है कि दूसरी हीरोइनों से उनकी क्यों नहीं बनती, तो वे जवाब देती हैं, हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में दोस्ती हमेशा बरकरार नहीं रहती। अब मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं दिखावे की दोस्ती में यकीन नहीं करती। बिंदास करीना की बेबाकी और बेफिक्र अंदाज की कई वजहें हैं। पहली वजह यह है कि फिल्म विशेषज्ञ हमेशा उनके अभिनय की तारीफ में कसीदे पढ़ते हैं और उन्हें मौजूदा दौर की सबसे अच्छी अभिनेत्री के खिताब से नवाजते हैं। दूसरी वजह यह है कि काफी असफल फिल्में देने के बाद भी दिग्गज निर्माता-निर्देशक उन्हें अपनी फिल्मों में कास्ट करने के लिए आतुर रहते हैं। तीसरी वजह यह है कि उनके नाम में कपूर उपनाम जुड़ा हुआ है। चौथी वजह यह है कि वे प्रियंका चोपड़ा और कट्रीना कैफ से सीनियर हैं। इन सब वजहों का मिला-जुला असर ही करीना के बयानों में दिखता है। उन्हें लगता है कि अभिनय, ग्लैमर और आकर्षण में उनका मुकाबला कोई अभिनेत्री नहीं कर सकती। करीना को खुद पर नाज करने की एक और वजह मिल गई है। मशहूर लेखिका शोभा डे ने उन पर एक पुस्तक लिखने की घोषणा की है। करीना के व्यक्तित्व से प्रभावित शोभा ने अपने इस निर्णय से पिछले दिनों करीना को परिचित कराया।

करीना बड़े गर्व से कहती हैं, मैं तब ही किसी फिल्म के लिए हां करती हूं, जब मुझे यकीन हो जाता है कि उसमें मेरी भूमिका दमदार है। दूसरी कोई हीरोइन रहे भी, तो मेरी भूमिका उससे ज्यादा प्रभावशाली और महत्वपूर्ण होनी चाहिए।

गौरतलब है कि करीना इस समय रानी मुखर्जी के साथ रीमा कागती की आमिर खान अभिनीत अनाम फिल्म कर रही हैं। इस फिल्म के साथ-साथ इस साल उनकी दो और फिल्में रा.वन और बॉडीगार्ड भी रिलीज होंगी। रा.वन में शाहरुख खान के साथ और बॉडीगार्ड में सलमान खान के साथ वे नजर आएंगी। इन फिल्मों के साथ-साथ करीना इस समय तेरह अलग-अलग ब्रांड को भी इंडोर्स कर रही हैं। इन दिनों उनके पास फुरसत की कमी है। हालांकि, व्यस्तताओं के बावजूद वे छोटे नवाब के साथ प्यार-भरे पल बिताने के लिए थोड़ा वक्त निकाल ही लेती हैं।