Google

बुधवार, 9 मार्च 2011

अखिलेश यादव गिरफ्तार, कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

अखिलेश यादव गिरफ्तार, कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज




लखनऊ। समाजवादी पार्टी [सपा] के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं सांसद अखिलेश यादव को पुलिस ने बुधवार सुबह अमौसी हवाईअड्डे पर गिरफ्तार कर लिया। अखिलेश सपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी है। साथ ही, प्रदेश की बसपा सरकार के खिलाफ लगातार तीसरे दिन विरोध प्रदर्शन जारी रखने वाले सपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लखनऊ सहित अन्य शहरों में लाठीचार्ज कर उन्हें हिरासत में लिया।

गिरफ्तारी के बाद संवाददाताओं से अखिलेश ने कहा कि मेरी गिरफ्तारी से यह साबित हो गया है कि मायावती सरकार तानाशाही तरीके से काम कर रही है। यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों में भरोसा न करने वाली मायावती सरकार के इस दमनात्मक रवैए के खिलाफ हम हर लड़ाई लड़ेंगे चाहे राज्य सरकार हम पर कितने ही अत्याचार क्यों न कर ले।

लखनऊ के पुलिस उप महानिरीक्षक डीके ठाकुर ने कहा कि अखिलेश प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी बहुजन समाज पार्टी [बीएसपी] के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने जा रहे थे। प्रदर्शन में हिस्सा लेने से पहले उन्हें गिरफ्तार किया गया।

सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने अखिलेश की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए कहा कि हमारे नेता कोई कानून तोड़ने नहीं जा रहे थे, उनका पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम था। यहां कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र कन्नौज जाना था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी नागरिक अधिकारों पर कुठाराघात है।

सपा ने मायावती सरकार के खिलाफ गत सात मार्च से तीन दिवसीय 'बसपा हटाओ, प्रदेश बचाओ' अभियान चला रखा है। प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तीसरे दिन यानी बुधवार को भी सपाइयों का प्रदर्शन जारी रहा।

राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं ने राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर उन्हें जुलूस निकालने से रोके जाने पर सड़क जाम कर पुलिस से झड़प की। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए उन पर जमकर लाठियां भांजी। पुलिस का दावा है कि लाठीचार्ज में किसी को गंभीर चोटें नही आई वहीं सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि पुलिस के बर्बर लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि लखनऊ के अलावा इटावा और कन्नौज में भी पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर पुलिस सपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर उनकी आवाज को दबाने का काम कर रही है। लेकिन सपा कार्यकर्ता पुलिस के इसके आगे भयभीत होने वाले नही हैं।

सपा ने मायावती सरकार के खिलाफ गत सात मार्च से तीन दिवसीय बसपा हटाओ, प्रदेश बचाओ अभियान चला रखा है। बुधवार को प्रदर्शन का आखिरी दिन है। प्रदेश के विभिन्न इलाकों में सपाइयों का प्रदर्शन जारी है।