Google

शनिवार, 5 मार्च 2011

लीबिया: विद्रोहियों ने पूरब का शहर जीता

लीबिया: विद्रोहियों ने पूरब का शहर जीता


काइरो। शनिवार का दिन लीबिया के तानाशाह कर्नल गद्दाफी के लिए जीत और हार का रहा। एक तरफ जहां उनकी सेना ने राजधानी त्रिपोली के पश्चिम में स्थित शहर जाविया को विद्रोहियों के कब्जे से छुड़ा लेने का दावा किया, वहीं पूरब में उन्हें मात मिली।

लोकतंत्र समर्थकों ने तटीय शहर रास लानुफ पर कब्जा कर लिया है। तेल कुओं के लिए प्रसिद्ध इस शहर पर विद्रोहियों की जीत बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस जीत के साथ पूर्वी लीबिया में विद्रोहियों के कब्जे वाले क्षेत्र का विस्तार हो गया है।

त्रिपोली से 50 किलोमीटर दूर जाविया फिर से जीत कर गद्दाफी ने अपने को थोड़ा सुरक्षित बनाने में कामयाबी हासिल की है। इसके विद्रोहियों में रहने पर उनके लिए खतरा था। यहां तेल संशोधन संयंत्र भी हैं। गद्दाफी की सेना ने यहां टैंकों, ग्रेनेड लॉन्चरों और हैवी मशीनगनों से हमला किया और लगभग 50 लोगों की जान ले ली।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि सैनिकों ने करीब 30 नागरिकों को मार डाला। विद्रोहियों ने दावा किया है कि शहर हाथ से निकलने के बाद भी उन्होंने इसके मुख्य, शहीद चौक को कब्जे में रखा है। गद्दाफी के प्रवक्ता ने जाविया को विद्रोहियों से आजाद बताया है।

पूर्वी शहर रास लानुफ के हवाई अड्डे पर कब्जे के बाद विद्रोही पूरे शहर पर अधिकार जमाने में कामयाब रहे। इस शहर के लिए दो दिनों से युद्ध छिड़ा हुआ था। त्रिपोली से यह 660 किलोमीटर दूर है।हालांकि गद्दाफी के विदेश मंत्रालय ने अब भी शहर को तानाशाह के नियंत्रण में बताया है।

उल्लेखनीय है कि लीबिया के पूर्वी क्षेत्र में विद्रोहियों को समग्र रूप में बड़ी कामयाबी मिली है। इसका अधिकांश हिस्सा उनके कब्जे में है। यह देश का मुख्य तेल उत्पादक क्षेत्र भी है। पूर्वी शहर बेनगाजी से ही विद्रोह की शुरुआत भी हुई थी।

-इंटरपोल का ऑरेंज नोटिस : गद्दाफी के खिलाफ 15 फरवरी से शुरू हुए प्रदर्शनों के बाद पहली बार इंटरपोल ने गद्दाफी और उनके 15 नजदीकियों तथा परिवारवालों के खिलाफ ऑरेंज नोटिस जारी किया है। इससे वे इंटरपोल के सदस्य 188 देशों में नहीं जा सकेंगे।

-वेनेजुएला का दावा : लैटिन अमेरिकी देश वेनेजुएला के विदेश मंत्री निकोलस मदुरो ने दावा किया है कि उनके शांति प्रस्ताव को गद्दाफी ने स्वीकार कर लिया है। इसमें गद्दाफी ने वेनेजुएला से एक मिशन तैयार करने को कहा है, जो विद्रोहियों से बातचीत करे। अमेरिका और फ्रांस, पहले ही वेनेजुएला की इस पहल को मानने से इंकार कर चुके हैं।

-अमेरिका ने भेजे विमान : अमेरिका ने शुक्रवार की शाम को अपने दो सैन्य विमान ट्यूनीशिया की सीमा पर तैनात करने के लिए रवाना कर दिए। बताया गया है कि इन्हें राहत कार्यो में इस्तेमाल करने के लिए लगाया जाएगा।